दिल्ली में इस साल का सबसे गर्म दिन आज, पारा पहुंचा 52 डिग्री के पार

दिल्ली में इस साल का सबसे गर्म दिन आज, 52 डिग्री के पार पहुंचा पारा

Heat Wave: भीषण गर्मी के बीच अपनी प्यास बुझाता हुआ एक व्यक्ति

News With Achyut, Heat Wave Alert: दिल्ली में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। लू से लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बुधवार दिल्ली में इस साल का सबसे गर्म दिन रहा। आज यहां तापमान 52 डिग्री को भी पार कर गया। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली के मुंगेशपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 52.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले,  26 मई को यहां तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को दिल्ली समेत देश के उत्तरी हिस्से के कई राज्यों के लिए लू की चेतावनी जारी की है। आईएमडी के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली के अधिकांश हिस्सों, राजस्थान के कई हिस्सों, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, बिहार, झारखंड, ओडिशा और जम्मू संभाग के अलग-अलग हिस्सों में लू से लेकर गंभीर लू चलने की संभावना है।
 
विभाग के मुताबिक, 30 मई को हिमाचल प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में भी लू चलने की संभावना है।
 
दिल्ली में इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट के कार्यकारी निदेशक डॉ. अतुल माथुर ने लू की चेतावनी के बीच शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए पानी पीने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हमारा देश भीषण गर्मी का सामना कर रहा है। इसके कारण, एक सामान्य व्यक्ति को भी हृदय से संबंधित समस्याएं हो सकती हैं। 

डॉक्टर अतुल माथुर ने कहा कि जिन लोगों को पहले से हृदय संबंधी समस्याएं हैं, उनकी बीपी बढ़ सकती है। इसलिए, सभी को खुद को हाइड्रेटेड रखने के लिए नियमित रूप से पानी पीना चाहिए। वरिष्ठ नागरिकों को अत्यधिक गर्मी के दौरान बाहर जाने से बचना चाहिए। 
 
इससे पहले 28 मई को राजस्थान के चुरू में अधिकतम तापमान 50.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 7.5 डिग्री अधिक है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सफर में धूप तो होगी अगर चल सको तो चलो.....

दोस्ती की दर्दभरी कहानी

पण्डित दीनदयाल उपाध्याय