2011 में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था... PM Modi पर जमकर बरसे खरगे
Parliament Budget Session 2024 Mallikarjun Kharge slams PM Modi : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार (7 फरवरी) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर यूपीए सरकार के बारे में झूठी बातें कहने का आरोप लगाया और दावा किया कि राज्यसभा में उनका भाषण केवल कांग्रेस की आलोचना पर केंद्रित था। राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस के दौरान पीएम मोदी के जवाब के बारे में बोलते हुए खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक असमानता के बारे में बात नहीं की। यह राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब नहीं था, यह केवल उनके (पीएम मोदी) द्वारा कांग्रेस को कोसने के बारे में था।
(कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे)
'बीजेपी ने कभी आंदोलन में भाग नहीं लिया'
मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने कहा कि बीजेपी ने कभी महात्मा गांधी की दांडी यात्रा में भाग नहीं लिया, कभी भारत छोड़ो आंदोलन में भाग नहीं लिया, लेकिन कांग्रेस को देशभक्ति का पाठ पढ़ा रहे हैं।
कांग्रेस प्रमुख ने बताया NDA का मतलब
कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि एनडीए का मतलब ही है नो डेटा अवेलेबल है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास कोई डेटा नहीं है। वे सच नहीं बोल सकते। वे झूठ बोलते रहते हैं। उन्होंने 2021 में जनगणना नहीं की। उनके पास कोई रोजगार डेटा नहीं है, कोई स्वास्थ्य सर्वेक्षण नहीं है। सरकार सभी आंकड़े छिपाती है और झूठ फैलाती है। यूपीए सरकार के दौरान बेरोजगारी दर का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा, "मोदीजी ने यूपीए सरकार के बारे में अनगिनत झूठी बातें कहीं। मैं पूछना चाहता हूं कि यूपीए शासन के दौरान बेरोजगारी दर 2.2 फीसदी थी, आपके कार्यकाल में यह 45 साल के उच्चतम स्तर पर क्यों है।"
2011 में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया था भारत
कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि यूपीए शासन के 10 वर्षों के दौरान औसत जीडीपी विकास दर 8.13 प्रतिशत थी, और पूछा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान यह केवल 5.6 प्रतिशत क्यों है। उन्होंने आगे कहा कि वर्ल्ड बैंक के मुताबिक, 2011 में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया था, लेकिन पीएम मोदी इस बात को मानने को तैयार नहीं हैं।
हमने 10 साल में 14 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला
खरगे ने कहा कि हमने 10 साल में 14 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला। वे (भाजपा) संपादित भाषण प्रसारित करके झूठ फैला रहे हैं। चाहे कितना भी झूठ बोला जाए, डेटा हमेशा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि भारत ने डिजिटल परिवर्तन में जो प्रगति की है, उसकी नींव कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) ने आधार-डीबीटी-बैंक खाता ढांचे के तहत रखी थी।
'कांग्रेस आरक्षण की जन्मजात विरोधी है'
इससे पहले, राज्यसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस का जवाब देते हुए, पीएम मोदी ने कांग्रेस पर चौतरफा हमला किया और कहा कि जो पार्टी सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के संचालन को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधती है, उसने एचएएल और एयर इंडिया को नष्ट कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस आरक्षण की जन्मजात विरोधी है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें