Sandeshkhali में TMC नेता ने दुस्साहस की सारी हदें पार कर दी... ममता बनर्जी पर जमकर बरसे PM मोदी

Sandeshkhali Violence PM Modi Aramgarh Rally Modir Sathe Bongo Basi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के आरामगढ़ में एक जनसभा को संबोधित किया । इस दौरान उन्होंने संदेशखाली हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर जमकर हमला बोला। प्रधानमंत्री ने कहा कि संदेशखाली में महिलाओं के साथ जो हुआ, उसे देखकर पूरा देश आक्रोशित है। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर और चंद्रयान-3 का भी जिक्र किया।

PM Narendra Modi (File Photo)







'टीएमसी के नेता ने दुस्साहस की सारी हदें पार कर दी'

पीएम मोदी ने शेख शाहजहां का जिक्र करते हुए कहा कि टीएमसी के नेता ने संदेशखाली में बहनों-बेटियों के साथ दुस्साहस की सारी हदें पार कर दीं। जब संदेशखाली की बहनों ने अपनी आवाज बुलंद की, ममता दीदी से मदद मांगी, तो बदले में बंगाल सरकार ने टीएमसी नेता को बचाने के लिए पूरी शक्ति लगा दी, लेकिन बीजेपी के दबाव में आखिरकार कल बंगाल पुलिस ने उस आरोपी को गिरफ्तार किया।

'टीएमसी ने बंगाल में अपराध का नया मॉडल पैदा किया'

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के लिए भ्रष्टाचारियों, परिवारवादियों और तुष्टिकरण करने वालों का साथ देना...यही एक काम बचा है, यही उनके लिए सबसे बड़ा काम है। उन्होंने कहा कि टीएमसी ने बंगाल में अपराध और भ्रष्टाचार का एक नया मॉडल पैदा कर दिया है। मैं बंगाल के लोगों से वादा करता हूं कि लूटने वालों को लौटाना ही पड़ेगा, ये मोदी छोड़ने वाला नहीं है। मोदी इनकी गालियों और हमले से डरने वाला नहीं है, झुकने वाला नहीं है। जिसने गरीब को लूटा है, उसको लौटाना ही पड़ेगा।

'आयुष्मान कार्ड का लाभ बंगाल के लोगों को नहीं देती टीएमसी'

प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी ने हर गरीब परिवार को 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की गारंटी दी है। आयुष्मान कार्ड से देशभर में करोड़ों गरीब परिवारों का मुफ्त में इलाज हुआ है। इससे इन परिवारों को लगभग 1 लाख करोड़ रुपए की बचत हुई है, लेकिन गरीब, SC/ST विरोधी TMC यहां के सवा करोड़ परिवारों को इसका लाभ नहीं देती।

'गरीब, किसान नौजवान और महिला के सशक्तिकरण में सबसे बड़ी रुकावट है TMC'

टीएमसी सरकार गरीब, किसान, नौजवान और महिला के सशक्तिकरण में बहुत बड़ी रुकावट है। ये चार वर्ग जब तक सशक्त नहीं होंगे, तब तक बंगाल विकसित नहीं हो सकता...इसलिए आज केंद्र सरकार गरीब, किसान, नौजवान और महिला सशक्तिकरण पर सबसे ज्यादा जोर दे रही है। ये भाजपा की ही सरकार है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम बनाकर लोकसभा और विधानसभाओं में महिला को आरक्षण दिया।

'TMC का घमंड इस बार टूटेगा'

प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल विकसित होगा, तभी भारत भी विकसित होगा। इसके लिए आने वाले लोकसभा चुनाव में यहां की सभी सीटों पर कमल खिलाना है। टीएमसी को घमंड है कि उसके पास एक निश्चित वोट बैंक है, लेकिन इस बार टीएमसी का ये घमंड भी टूटेगा।

आजादी के आंदोलन की प्रेरणा स्थली रही है बंगाल 

पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल आजादी के आंदोलन की प्रेरणा स्थली रही है। गुलामी के विरुद्ध प्रखर नेतृत्व देने वाली यहां की हर संतान का सपना था कि भारत विकास की नई ऊंचाई प्राप्त करे। आज जब मैं बंगाल आया हूं, तो कह सकता हूं कि आज का भारत उनका ये सपना पूरा कर रहा है।  



'जो दुनिया का कोई देश नहीं कर पाया, वो चंद्रयान ने कर दिखाया'

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 10 साल में भारत 11वें नंबर की इकोनॉमी से ऊपर उठकर 5वें नंबर की आर्थिक ताकत बना है। जी-20 में कैसे भारत की जय-जयकार हुई...ये हम सबने देखा है। उन्होंने कहा कि आज भारत स्पेस सेक्टर में अग्रणी बन रहा है। जो काम दुनिया का कोई देश नहीं कर पाया, वो हमारे चंद्रयान ने किया। आज स्पोर्ट्स के सेक्टर में भी भारत नए रिकॉर्ड बना रहा है। हम सभी का सौभाग्य है कि 5 सदियों के इंतजार के बाद, 500 साल के बाद प्रभु श्रीराम अपने भव्य मंदिर में विराजे हैं।

'संदेशखाली की घटना से पूरा देश आक्रोशित'

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की इन उपलब्धियों के बीच बंगाल की स्थिति भी आज पूरा देश देख रहा है। मां, माटी, मानुष का ढोल पीटने वाली TMC ने संदेशखाली की बहनों के साथ जो किया है, वो देखकर पूरा देश दुखी है, आक्रोशित है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सफर में धूप तो होगी अगर चल सको तो चलो.....

दोस्ती की दर्दभरी कहानी

पण्डित दीनदयाल उपाध्याय